July 23, 2026

मोबाइल पर बात करते ट्रैक पार कर रहा युवक मालगाड़ी की चपेट में आया, एक पैर कटा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार करना एक युवक को भारी पड़ गया। ट्रैक पार करने के दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मोबाइल पर बात करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान रोशन पटेल (22 वर्ष), निवासी बरमपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कोतवाली थाना क्षेत्र के पवन टॉकीज फाटक के पास मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया।

लोको पायलट ने बजाया हॉर्न, फिर भी नहीं रुका

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी के लोको पायलट ने युवक को देखकर लगातार हॉर्न बजाया और सतर्क करने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने ध्यान नहीं दिया। इसके चलते वह ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में चल रहा उपचार

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मौके से युवक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।