March 4, 2026

कोरबा में दर्दनाक घटना: गोबर गैस टैंक में मिला दो साल के मासूम का शव

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेलीमुंडा गोपालपुर गांव में दो साल के मासूम की गोबर गैस टैंक में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चा मंगलवार दोपहर से लापता था और परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह घर की बाड़ी में बने बंद गोबर गैस टैंक से उसका शव बरामद हुआ।

दादा-दादी के पास रह रहा था मासूम

मृतक मासूम हर्ष कंवर कुछ समय पहले अपने माता-पिता के तमिलनाडु मजदूरी पर जाने के बाद गांव में दादा प्रमोद कंवर और दादी के साथ रह रहा था। मंगलवार दोपहर वह घर में खेल रहा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य आराम कर रहे थे। जब वे उठे तो हर्ष घर में नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की।

रातभर तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

टैंक में मिला शव, जांच शुरू

बुधवार सुबह घर की बाड़ी में स्थित गोबर गैस टैंक में मासूम का शव मिला। सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास तलाश शुरू कर दी थी। शव मिलने के बाद मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।