कोरबा। जिले के इमलीडुग्गू बाईपास स्थित नहर किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति और पहनावे के आधार पर मृतक की उम्र लगभग 42 वर्ष आंकी जा रही है। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के दुकानदारों, नहर किनारे रहने वाले लोगों और राहगीरों से पूछताछ कर रही है।
इसके अलावा पहचान स्थापित करने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। पुलिस ने शव की तस्वीर जारी कर आम लोगों से पहचान में सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक की पहचान के प्रयास लगातार जारी हैं।





