कोरबा। शहर के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाटमुडा रोड में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब मौसम में अचानक बदलाव के बीच एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार पड़ोस के मकान पर गिर गई। इस घटना में घर के अंदर सो रहे एक ही परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर निवासी अजय धनवार अपने घर में पत्नी और छोटे बच्चे के साथ सो रहे थे। इसी दौरान पास में बन रही तीन मंजिला इमारत, जिसका निर्माण संतोष वर्मा द्वारा कराया जा रहा था, उसकी दीवार अचानक भरभराकर उनके घर पर गिर गई। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे अजय धनवार, उनकी पत्नी और बच्चे को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। तीनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे में घर के भीतर रखा स्कूटर, बर्तन, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के अंदर अब भी ईंटों का मलबा बिखरा पड़ा है, जिससे स्थिति की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और घटना की जांच की जा रही है।





