कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक महिला की आत्महत्या से हड़कंप मच गया। महिला ने कथित तौर पर बहू से प्रताड़ित होने का आरोप लगाते हुए फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से पहले महिला ने अपनी बहनों को वीडियो भेजा और घर की दीवार पर कथित सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उसने बहू को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।
पारिवारिक विवाद के बाद उठाया कदम
पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मणबंध बस्ती की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले महिला का अपने पति, बेटे और बहू के साथ विवाद हुआ था।
विवाद के बाद महिला ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। वीडियो में पारिवारिक विवाद से जुड़ी बातें सामने आने की जानकारी है। इसके कुछ समय बाद महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दीवार पर लिखा कथित सुसाइड नोट
परिजनों के मुताबिक, महिला ने घर की दीवार पर कथित सुसाइड नोट लिखा था। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा महंत को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट करेंगे जांच
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दीवार पर लिखी गई लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।





