कोरबा |
हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और रुपये लेने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।
जानकारी के अनुसार ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों का कहना है कि मंगलवार को उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे 23,500 रुपये भी जबरन ले लिए गए।
इन आरोपों से नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताते हुए इंसाफ की मांग कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
वहीं हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालन की गतिविधियों में शामिल थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी। थाना प्रभारी ने मारपीट और रुपये लेने के आरोपों से साफ इनकार किया है।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पुलिस लोगों को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है। ग्रामीणों ने एक अन्य युवक अनवर अली के कई दिनों से घर नहीं लौटने की बात भी उठाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
घटना की सूचना पर तहसीलदार विमल खांडेकर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। प्रशासन, परिजनों और ग्रामीणों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास करता रहा। समाचार लिखे जाने तक युवक पानी की टंकी पर मौजूद था और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी थी।





