May 15, 2026

कोरबा में युवक के अपहरण से मचा हड़कंप, लेन-देन विवाद की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब बालको क्षेत्र से एक युवक के अपहरण की घटना सामने आई। पुरानी बस्ती इलाके में रहने वाले युवक को बीती रात कुछ लोगों द्वारा जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती क्षेत्र के भंडारी चौक में रहने वाले युवक विजय सिंधी का बीती रात बालको इलाके से कथित रूप से आधा दर्जन लोगों ने अपहरण कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी चारपहिया वाहन से पहुंचे थे और युवक को घेरकर जबरन अपने साथ ले गए।

घटना के बाद बालको पुलिस और स्थानीय टीम मौके पर पहुंची तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे जमीन रजिस्ट्री और पैसों के लेन-देन से जुड़ा मामला बताया है।

सूत्रों के अनुसार, युवक पर कई लोगों से पैसे लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप भी हैं, जिसके चलते विवाद बढ़ा था। बताया जा रहा है कि दबाव बढ़ने पर वह पहले रायगढ़ चला गया था और बाद में कोरबा लौट आया था।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस को सूचना मिली है कि यह विवाद वित्तीय लेन-देन और जमीन रजिस्ट्री से जुड़ा हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अपहृत युवक से फोन पर संपर्क हुआ है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है।

रायपुर में युवक पर चाकू से हमला, पुरानी रंजिश के चलते वारदात

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम चाकूबाजी की घटना से दहशत फैल गई। विवाद के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बोरियाखुर्द निवासी अरशद किसी काम से काशीराम नगर गया था, जहां उसका पहले से विवाद चल रहा बलजीत से सामना हो गया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर मामला मारपीट में बदल गया।

इसी दौरान आरोपी बलजीत, बॉबी, दश चंद्राकर सहित अन्य लोगों ने मिलकर अरशद पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल ममता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।