May 19, 2026

कोरबा में युवक को सड़क पर नग्न कर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस मामले की जांच में

कोरबा, 06 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 30 मार्च को हुई एक सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक को नग्न कर बेरहमी से पीटा गया। वीडियो में युवक के सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है और एक व्यक्ति उसे बाइक चोरी कर बेचने का आरोप लगाते हुए सुनाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अमरदास कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी अधिकारियों के घरों में सफाई का काम करती हैं। घटना के समय बताया गया कि युवक शराब का आदी था और पहचान के एक व्यक्ति की बाइक लेकर शराब पीने गया था। लौटते समय बाइक नहीं लाने पर कुछ लोगों ने उसे पकड़कर कपड़े उतरवाए और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिह ने बताया कि इस मामले में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।