कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बिलासपुर से भागकर कोरबा पहुंचे प्रेमी जोड़े ने मौत का खौफनाक खेल खेला। प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की और फिर खुद का भी गला काट लिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है।
शादीशुदा था प्रेमी, साथ जीने-मरने की खाई थी कसमें
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी शुभम नायडू (28 वर्ष) और निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष) मंगलवार रात अपने घरों से भागकर बाइक पर कोरबा पहुंचे थे। उरगा थाना क्षेत्र के सन्डैल नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान शुभम ने चाकू से निशा का गला रेत दिया। उसे मरा हुआ समझकर शुभम ने खुद का भी गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच में पता चला है कि शुभम पहले से शादीशुदा था।

मरते-मरते खुद बचाई अपनी जान
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद निशा ने अदम्य साहस का परिचय दिया। लहूलुहान हालत में उसने अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर अपनी लोकेशन भेजी और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। निशा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि युवती के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या युवक ने पहले से ही हत्या और आत्महत्या की योजना बनाई थी।





