🔪 पुराने विवाद में छात्रों की झड़प, कक्षा 8वीं के छात्र पर चाकू से हमला
कोरबा। पुराने विवाद को लेकर छात्रों के बीच जमकर झड़प हो गई। कक्षा 7वीं में पढ़ने वाले कुछ छात्रों ने मिलकर कक्षा 8वीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के काशीनगर निवासी 15 वर्षीय किशोर ब्लू बर्ड स्कूल कोसाबाड़ी में कक्षा 8वीं का छात्र है। बुधवार दोपहर स्कूल से छुट्टी के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। जूनियर क्लब के पास पहले से घात लगाए बैठे कक्षा 7वीं के छात्रों ने उसका रास्ता रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि छात्रों ने मिलकर चाकू व ब्लेड से हमला कर दिया और लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
🏠 SECL कर्मी के घर चोरी, 20 हजार नकद पार
कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के एसईसीएल कॉलोनी में चोरों ने एक कर्मचारी के घर धावा बोल दिया। पीड़ित हीरालाल, एसईसीएल सिंघाली खदान में कार्यरत हैं।
वे घर में ताला लगाकर अपने गृहग्राम ऐडू गए हुए थे। 28 जनवरी को पड़ोसी गांधी लाल साहू ने फोन कर चोरी की सूचना दी। लौटकर देखने पर ताला टूटा मिला, अलमारी का लॉकर भी क्षतिग्रस्त था और उसमें रखे ₹20,000 नगद गायब थे।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
🚔 गांजा तस्कर को दो साल की सजा
कोरबा। गांजा तस्करी के मामले में न्यायालय ने आरोपी को सजा सुनाई है। दीपका पुलिस ने वर्ष 2023 में काशीनगर निवासी मितेश कुमार लोनिया को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया था।
मामले की सुनवाई विशेष एनडीपीएस न्यायालय में हुई, जहां दोष सिद्ध होने पर आरोपी को 2 वर्ष का सश्रम कारावास और ₹10,000 अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
👩 महिला से मारपीट, तमनार पुलिस ने दो आरोपी पकड़े
रायगढ़। थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम पाता में महिला और उसके पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
26 जनवरी को गांव में आए फेरीवाले को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात पर खीरसागर यादव और आनंद यादव ने महिला व उसके पिता से गाली-गलौच कर मारपीट की।
महिला की शिकायत पर थाना तमनार में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
💊 रायगढ़ में 10 से शुरू होगा राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान
रायगढ़। जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए 10 से 25 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर संचालित होगा।
अभियान के तहत 4,64,616 पात्र नागरिकों को दवा खिलाई जाएगी।
अभियान कार्यक्रम —
✅ 10–12 फरवरी: स्कूल, आंगनबाड़ी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर बूथ।
✅ 13–22 फरवरी: घर-घर जाकर दवा सेवन।
✅ 23–25 फरवरी: मॉप-अप राउंड।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और फाइलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।





