कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित उपकेंद्र तुमान में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पोड़ी उपरोड़ा एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान उपार्जन प्रक्रिया, रकबा मिलान एवं गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
जांच में अनियमितताएं सामने आने पर 12 किसानों से लगभग 1000 क्विंटल रकबा समर्पण कराया गया। साथ ही समिति परिसर में जमा अमानक धान की वापसी की प्रक्रिया भी नियमानुसार सुनिश्चित की जा रही है।
एसडीओ राजस्व मनोज कुमार बंजारे ने स्पष्ट कहा कि उपार्जन केंद्रों में ओवर रकबा, अमानक धान और गुणवत्ता संबंधी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी नियमित निरीक्षण कर पारदर्शिता बनाए रखी जाएगी।
🔹 जिले में जल्द खुलेेंगे दो नए रेत घाट, रेत संकट होगा खत्म
कोरबा। जिले में रेत की किल्लत दूर करने के लिए खनिज विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में 13 रेत घाट संचालित हो रहे हैं, जबकि शहर के दो घाट – चारपारा कोहड़िया और भिलाईखुर्द – तकनीकी कारणों से बंद हैं।
खनिज उपसंचालक प्रमोद कुमार नायक ने बताया कि दोनों घाटों को चालू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एक सप्ताह के भीतर दोनों घाट शुरू हो जाएंगे, जिससे जिले में कुल 15 रेत घाट संचालित होंगे और आम लोगों को आसानी से रेत उपलब्ध होगी।
🔹 पांच साल बाद घरघोड़ा में लौटेगी गणतंत्र दिवस की रौनक
रायगढ़। कोरोना काल के बाद इस वर्ष घरघोड़ा में गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। लगभग पांच साल बाद नगर में फिर से रंगारंग आयोजन होंगे।
एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने बताया कि सभी संस्थानों में झंडारोहण के बाद प्रभात फेरी निकाली जाएगी। स्कूली छात्र जय स्तंभ चौक पहुंचेंगे, जहां झंडारोहण होगा। इसके बाद रैली कारगिल चौक और हाई स्कूल मैदान पहुंचेगी।
मुख्य समारोह में मार्चपास्ट, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
🔹 टीईटी परीक्षा 1 फरवरी को, उड़नदस्ता दल गठित
रायगढ़। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 1 फरवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
- पहली पाली: सुबह 9:30 से 12:15 बजे
- दूसरी पाली: दोपहर 3:30 से शाम 5:45 बजे
परीक्षा की निगरानी के लिए 3 सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जिसमें तहसीलदार शिवकुमार डनसेना, व्याख्याता नीलेश वैद्य और सहायक उप निरीक्षक रमेश शर्मा शामिल हैं।





