May 15, 2026

कोरिया में दो अर्टिगा कारों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, 6 घायल

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एनएच-43 स्थित जमगहना मोड़ के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो अर्टिगा कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एक अर्टिगा वाहन पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के CMHO का बोर्ड भी लगा हुआ था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वाहन का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। एक ही दिन में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।