कोरिया। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में हुई हिंसक घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुरानी रंजिश के चलते भाजपा नेता Bharat Singh Gaharwar उर्फ लल्ला सिंह की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिए हैं।
प्रशासन ने महलपारा (बैकुंठपुर), नौगई और कटगोड़ी स्थित क्रेशर प्लांट क्षेत्र के आसपास धारा 163 लागू कर दी है। आदेश के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों में 300 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के घातक हथियार, विस्फोटक सामग्री, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और आमसभा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही आपत्तिजनक नारेबाजी और पोस्टर वितरण पर भी रोक लगाई गई है।
घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भरत सिंह अपने साथियों के साथ कटगोड़ी पहुंचे थे, जहां पुराने विवाद को लेकर कहासुनी के बाद स्थिति हिंसक हो गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वाहन में मौजूद लोगों की मौत हो गई।
इस घटना में दो अन्य लोगों की भी इलाज के दौरान मौत होने की सूचना है, जबकि कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।






