July 31, 2026

KOREA NEWS UPDATE : महिला सरपंच को ‘लल्ला सिंह कांड’ जैसा अंजाम देने की धमकी, जिला बदर रह चुके अधिवक्ता पर मामला दर्ज

कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत सोनहत की महिला सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों को कथित रूप से जान से मारने तथा चर्चित ‘लल्ला सिंह कांड’ जैसा अंजाम देने की धमकी दी गई है। शिकायत के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सरपंच ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की है।

सरपंच मानमती सिंह का आरोप है कि धमकी देने वाला व्यक्ति राजेन्द्र प्रसाद साहू है, जो पेशे से अधिवक्ता है और उसके खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि आरोपी पहले जिला बदर की कार्रवाई भी झेल चुका है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है।

शिकायत के अनुसार 30 जून को पंचायत भवन सोनहत में पंच-सरपंचों की बैठक चल रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और महिला सरपंच के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार तथा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत सोनहत थाने में दर्ज कराई गई थी।

सरपंच का आरोप है कि पहली शिकायत के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आरोपी के हौसले और बढ़ गए। आरोप है कि 2 जुलाई को उसने दोबारा सरपंच का रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार किया और पुलिस में शिकायत करने का अंजाम भुगतने की धमकी दी।

लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सरपंच मानमती सिंह ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर अपने परिवार तथा पंचायत भवन की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को वीडियो फुटेज सहित अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी राजेन्द्र प्रसाद साहू के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने जैसे कई मामले दर्ज रहे हैं। वर्ष 2023 में उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई भी की गई थी। ताजा मामले में थाना सोनहत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

इस मामले में कोरिया के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Suresha Chaube ने बताया कि महिला सरपंच की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट और अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं सरपंच मानमती सिंह का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास गंभीर है और गिरफ्तारी में हो रही देरी से उनका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है। मामले को लेकर अब क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।