कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर कथित विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोनहत तहसील के कटगोड़ी गांव में मंगलवार देर रात भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को टिपर से कई बार टक्कर मारी और फिर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे नवगई गांव के पास हुई। भरत सिंह अपने साथियों के साथ वाहन में सवार थे, तभी आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर को निशाना बनाया। टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दरवाजे जाम हो गए। बताया जा रहा है कि वाहन में फंसे लोग शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई।
आग लगने से भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों—अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी—को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक भरत सिंह गहरवार और आरोपी मनोज त्रिपाठी के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले दोनों पक्षों के बीच झड़प भी हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी।
घटना के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत कारोबार को लेकर सत्ता संरक्षण में हिंसा बढ़ रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है।
वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताते हुए खारिज किया।
फिलहाल पुलिस हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।





