कोरिया। जिले की पटना थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 10 मोटरसाइकिल और 1 ट्रैक्टर बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था और मास्टर चाबी की मदद से दोपहिया व अन्य वाहनों की चोरी करता था। आरोपी सुनसान स्थानों और बाजार क्षेत्रों में खड़े वाहनों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना और मास्टरमाइंड सूर्यकांत राजवाड़े भी शामिल है। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 10 मोटरसाइकिल और 1 ट्रैक्टर बरामद किया गया है। बरामद सभी वाहन सूरजपुर और सरगुजा जिलों से चोरी किए गए थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा वाहन चोरी के अतिरिक्त मामलों का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।





