July 23, 2026

कोरिया हत्याकांड: मंत्री रामविचार नेताम के सामने फूटा परिजनों का गुस्सा, CBI जांच और बुलडोजर कार्रवाई की मांग

कोरिया। भाजपा नेता और उनके साथियों की हत्या के मामले में मृतकों के परिजनों का आक्रोश मंत्री रामविचार नेताम के सामने खुलकर सामने आया। शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे मंत्री को परिजनों ने रोते-बिलखते हुए न्याय की मांग की और आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के गंभीर आरोप लगाए।

परिजनों ने सवाल उठाया कि क्या सत्ता से जुड़े लोग आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों का जिस तरह जुलूस निकाला गया, उससे ऐसा लगा मानो उनका सम्मान किया जा रहा हो। परिजनों ने मंत्री से पूछा कि क्या उन्हें वास्तव में न्याय मिल पाएगा।

पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल

मृतक परिवार ने पुलिस की भूमिका पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि आरोपियों को जिस तरीके से सार्वजनिक रूप से पेश किया गया, उससे गलत संदेश गया। परिजनों ने प्रभारी पुलिस अधीक्षक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

परिजनों की प्रमुख मांगें

  • आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई
  • मामले की सीबीआई जांच
  • घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी
  • निष्पक्ष और त्वरित न्याय

मंत्री रामविचार नेताम ने परिजनों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

क्या है पूरा मामला?

16 जून की देर रात सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में रेत खनन विवाद को लेकर भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और मनोज त्रिपाठी पक्ष के बीच हिंसक संघर्ष हुआ। आरोप है कि भरत सिंह की फॉर्च्यूनर को हाईवा वाहनों से घेरकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।

घटना में भरत सिंह की मौके पर मौत हो गई। वहीं नागेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह और मयंक सिंह पर भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल नागेंद्र सिंह और विरेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मामले में मनोज त्रिपाठी समेत 9 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।