बिलासपुर। कोरिया जिले के नौगई गांव में भाजपा नेता लल्लन सिंह समेत तीन लोगों की जिंदा जलाकर हत्या के मामले में अब उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है। सोमवार को विभिन्न राजपूत संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में कन्नौजिया क्षत्रिय समाज और श्री राजपूत करणी सेना के पदाधिकारी शामिल थे। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि मामले के आरोपियों के स्थानीय विधायक से करीबी संबंध हैं। ऐसे में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों और पूरे षड्यंत्र का खुलासा हो सके। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित सहायता और त्वरित न्याय दिलाने की भी मांग की गई।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
राजपूत समाज के प्रतिनिधियों ने गृहमंत्री से मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सीबीआई जांच की मांग पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
प्रतिनिधिमंडल में कन्नौजिया क्षत्रिय समाज के प्रदेशाध्यक्ष आनंद बल्लभ सिंह, श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष आलोक सिंह परिहार, शिवप्रताप सिंह, राणाप्रताप सिंह, हरिकपूर सिंह, आशीष सिंह, उमाकांत सिंह, प्रफुल्ल सिंह और श्रीनिवास सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
जानिए क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि 16 जून की देर रात कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में रेत घाट को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्तेदार द्वारा रेत घाट का ठेका लिए जाने के बाद कथित तौर पर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने फॉर्च्यूनर वाहन को आगे-पीछे से हाईवा लगाकर घेर लिया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वाहन में भरत सिंह, नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह, योगेंद्र सिंह और रायपुर निवासी विरेंद्र सिंह सवार थे।
घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नागेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह और मयंक सिंह किसी तरह बाहर निकले। आरोप है कि बाहर निकलने के बाद भी हमलावरों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल नागेंद्र सिंह और विरेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।





