कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर मामले में जूदेव परिवार के सदस्य एवं भाजपा नेता विक्रमादित्य सिंह जूदेव बैकुंठपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिजनों से मुलाकात के बाद विक्रमादित्य सिंह जूदेव ने कहा कि इस जघन्य घटना से पूरा क्षत्रिय समाज आहत और शोकाकुल है। उन्होंने मामले की CBI जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच के जरिए दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की भी मांग की और कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक समाज शांत नहीं बैठेगा।
इस दौरान विक्रमादित्य सिंह जूदेव ने अपने बयान में आरोपियों के एनकाउंटर और “मौत के बदले मौत” जैसी मांग भी रखी। यह उनका राजनीतिक बयान है। मामले में इस संबंध में प्रशासन या जांच एजेंसियों की ओर से ऐसी किसी कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है।
फिलहाल नौगई ट्रिपल मर्डर मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही है।





