कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुरानी रंजिश को लेकर बाजार पारा इलाके में हिंसक झड़प हो गई। रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, चरचा कॉलरी के बाजार पारा में शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। इस हमले में कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रीजनल अस्पताल चरचा और जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रही दुश्मनी के चलते मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कुछ ही देर में लाठी, डंडे, ईंट-पत्थर और धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।





