कोरिया। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। कोटाडोल थाना क्षेत्र के ग्राम करचा में एक महिला ने जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की कार्रवाई और कथित धमकी से मानसिक तनाव में आकर महिला ने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, गांव में हुए एक आपसी विवाद के बाद दोनों पक्ष कोटाडोल थाना पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि थाना में पुलिस के कथित अमर्यादित व्यवहार और चालानी कार्रवाई की चेतावनी के बाद महिला बेहद भयभीत हो गई थी।
रातभर तनाव में रही, सुबह जंगल में मिला शव
परिजनों के मुताबिक, थाना से लौटने के बाद महिला पूरी रात तनाव में रही और लगातार रोती रही। अगले दिन सुबह वह घर से निकली और पास के जंगल में जाकर फांसी लगा ली।
निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की आत्महत्या के वास्तविक कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





