कोटा | 10 फरवरी 2026
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड कोटा में सामूहिक दवा सेवन अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत कोटा विकासखंड की कुल 3 लाख 08 हजार 113 आबादी को फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कराया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 550 दवा वितरण दलों का गठन किया गया है।
अभियान के प्रथम चरण में 10 से 12 फरवरी तक स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बूथ बनाकर दवा सेवन कराया जा रहा है। इसके पश्चात 13 से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी। वहीं छूटे हुए हितग्राहियों के लिए 23 से 25 फरवरी तक मॉप-अप राउंड चलाया जाएगा।
विकासखंड स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शासकीय कन्या हाई स्कूल, पुरानी बस्ती कोटा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रतीक त्रिवेदी एवं स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, छात्राओं, शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वयं दवा का सेवन कर आमजन को जागरूक होने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया (हाथीपांव) मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है, लेकिन वर्ष में एक बार दवा सेवन से इससे बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि दवा खाली पेट नहीं लेनी चाहिए।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिलेश गुप्ता ने कहा कि फाइलेरिया के लक्षण कई वर्षों बाद दिखाई देते हैं, इसलिए समय पर दवा सेवन बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम हर घर तक पहुँचकर दवा वितरण सुनिश्चित करेगी।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू, विधायक प्रतिनिधि प्रतीक त्रिवेदी, बीएमओ डॉ. निखिलेश गुप्ता, बीपीएम श्रीमती श्वेता सिंह, अतुल सिंह वीबीडीटीएस, प्रधानाचार्य श्रीमती आशा दत्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, मितानिन कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने का संकल्प लिया।




