May 14, 2026

जनगणना कार्य के दौरान कोटवार से मारपीट, पूर्व सरपंच के परिजनों पर आरोप

तखतपुर। जनगणना कार्य के दौरान सहयोग कर रहे ग्राम कोटवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल कोटवार ने शिक्षक और पटवारी के साथ सकरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के देवरिकला ग्राम पंचायत की है। यहां कोटवार नकुल दास जनगणना कार्य के तहत घरों में नंबरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व सरपंच के बेटे और भतीजे ने उन पर दो अलग-अलग मकानों को एक ही नंबर देने का आरोप लगाया।

विवाद बढ़ा, गाली-गलौज के बाद मारपीट
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कोटवार के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

निर्देश अनुसार हो रहा था काम
जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार पक्के और कच्चे मकानों को अलग-अलग नंबर दिए जा रहे हैं। इसी प्रक्रिया के तहत कोटवार कार्य कर रहा था।

जल्द होगी गिरफ्तारी: पुलिस
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि कोटवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी जल्द गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।