जशपुर।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम गिनाबहार में अटल विहार योजना के तहत आधुनिक आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। लगभग 7 एकड़ क्षेत्र में बनने वाली यह कॉलोनी कुनकुरी क्षेत्र की पहली सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध आधुनिक आवासीय कॉलोनी होगी। परियोजना के लिए 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि गृह निर्माण मंडल प्रदेश के सभी 33 जिलों में आवासीय योजनाओं का विस्तार कर नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में गिनाबहार परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
परियोजना के तहत विभिन्न आय वर्गों के लिए कुल 97 आवासों का निर्माण किया जाएगा। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए 91 मकान शामिल हैं। शासन द्वारा अटल विहार योजना के लिए गृह निर्माण मंडल को मात्र 1 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से भूमि आवंटित की गई है। वहीं पात्र EWS हितग्राहियों को 80 हजार रुपये तथा LIG हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान भी दिया जाएगा।
आवास मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के विशेष निर्देश पर विकसित की जा रही इस कॉलोनी में चौड़ी सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली, हरित वातावरण और अन्य आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि यह परियोजना एक आदर्श आवासीय परिसर के रूप में विकसित की जाएगी।
कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से महज 2 किलोमीटर दूर स्थित यह परियोजना स्थल शहर से सटा हुआ है। इसके आसपास हॉलीक्रॉस मिशन अस्पताल, लोयला स्कूल, लोयला कॉलेज और एशिया के दूसरे सबसे बड़े चर्च सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं। साथ ही भविष्य में शासकीय अस्पताल, कार्यालय और अन्य सरकारी भवनों के निर्माण की भी योजना है।
उल्लेखनीय है कि आने वाले समय में जशपुर जिले के बालाछापर, पत्थलगांव, महुआ टोली और कंदोरा क्षेत्रों में भी अटल विहार एवं अटल आवास योजनाओं के तहत नई आवासीय परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। यह परियोजना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में विकसित की जा रही है, जिससे क्षेत्र में सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।





