July 26, 2026

प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023: 430 पदों की अंतिम सूची जारी, लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023 को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उच्च शिक्षा विभाग ने 430 पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी कर दी है, जिससे हजारों उम्मीदवारों को राहत मिली है।

एक लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 4 अगस्त 2023 को पदों की स्वीकृति के साथ हुई थी। इसके बाद 5 अक्टूबर 2023 को जारी विज्ञापन के तहत कुल 1,28,685 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। परीक्षा 3 अगस्त 2025 को आयोजित हुई, जिसमें 1,12,792 परीक्षार्थी शामिल हुए।

दस्तावेज सत्यापन के बाद बना फाइनल मेरिट
परीक्षा परिणाम 18 सितंबर 2025 को घोषित किया गया। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 से 23 फरवरी 2026 तक दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 2106 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया।

दावा-आपत्तियों के बाद जारी हुई सूची
13 मार्च से 23 मार्च 2026 तक अभ्यर्थियों से दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गईं। कुल 53 आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनका निराकरण करने के बाद 24 मार्च को अंतिम सूची तैयार की गई और 25 मार्च 2026 को इसे आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया।

दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पद
जारी सूची के अनुसार कुल 430 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसमें दिव्यांगजनों के लिए 30 पद आरक्षित रखे गए हैं, जिनमें 15 पद OL (वन लेग) और 15 पद HH (हियरिंग हैंडीकैप्ड) श्रेणी के लिए निर्धारित हैं।

काउंसलिंग की तारीख तय
चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 30 मार्च और 2 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद उन्हें प्रदेश के 285 महाविद्यालयों में आवश्यकतानुसार पदस्थ किया जाएगा।

जल्द जारी होंगे नियुक्ति आदेश
विभाग के अनुसार, काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही नियुक्ति आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इस भर्ती के पूरा होने से लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।