May 15, 2026

राज्यसभा में लक्ष्मी वर्मा ने ली शपथ, खास साड़ी से छत्तीसगढ़ की संस्कृति का किया प्रदर्शन

नई दिल्ली/रायपुर, 16 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने आज संसद के उच्च सदन में सदस्यता की शपथ ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लक्ष्मी वर्मा का परिधान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने वाली विशेष साड़ी धारण की थी। साड़ी पर प्रदेश के ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर की आकृति और ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ का चित्र अंकित था। वहीं इसकी किनारी पर पारंपरिक अभिवादन ‘जय जोहार’ लिखा हुआ था, जो प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।

लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेना उनके सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण और भावुक क्षण है। उन्होंने अपने परिधान को प्रदेश की परंपरा, संस्कृति और “छत्तीसगढ़ महतारी” के आशीर्वाद का प्रतीक बताया।

उन्होंने शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च सदन में उनका हर प्रयास छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण के लिए समर्पित रहेगा।

लक्ष्मी वर्मा के इस सांस्कृतिक प्रस्तुतीकरण की प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है। इसे छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने की एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।