बिलासपुर। जिले में रेल हादसे से लेकर अपराध, स्वास्थ्य और धार्मिक आयोजनों तक कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। पढ़िए बिलासपुर की प्रमुख खबरें एक नज़र में—
लालखदान ट्रेन हादसा: मृत चालक के परिजन को नौकरी संभव, महिला परिचालक पर संशय
लालखदान में हुए ट्रेन हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद रेलवे में नौकरी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो रही है। मृत चालक विद्यासागर के परिजन को अनुकंपा नियुक्ति मिल सकती है, लेकिन महिला सहायक परिचालक रश्मि राज की नौकरी को लेकर असमंजस बना हुआ है।
तीन माह पहले बिलासपुर से गतौरा के बीच लालखदान के पास कोरबा से आ रही लोकल मेमू ट्रेन कोयला लोडेड मालगाड़ी से टकरा गई थी। हादसे में 14 से अधिक यात्रियों की मौत और 20 से ज्यादा घायल हुए थे। जांच रेलवे सेफ्टी कमिश्नर बीके मिश्रा ने की, जिसमें रेलवे सिस्टम में गंभीर खामियां बताई गईं, वहीं चालक और परिचालक को भी दोषी माना गया। फिलहाल महिला सहायक चालक को हटाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
जिला अस्पताल का OT संक्रमित, मोतियाबिंद ऑपरेशन बंद
बिलासपुर जिला अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर बैक्टीरियल पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमण के चलते मोतियाबिंद के ऑपरेशन फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। दीवारों में सीलन और सफाई व्यवस्था की अनदेखी सामने आई है।
जनवरी से अब तक केवल दो दिन में 13 ऑपरेशन हो पाए हैं। रिपोर्ट निगेटिव नहीं आने तक ऑपरेशन शुरू नहीं होंगे। मजबूरी में मरीजों को निजी अस्पताल जाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है। सैंपल सिम्स भेजे गए हैं, रिपोर्ट का इंतजार है।
चलती ट्रेन से गिरकर महिला की मौत
चलती ट्रेन से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। कोटा थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि तखतपुर राजपुर केकती निवासी जुगरी बाई साहू (55) बेलगहना मेला घूमकर लौट रही थीं। कलमीटार और नरौतीकांपा के बीच ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े होने के दौरान वह नीचे गिर गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोरबा ले जाकर प्रेमी ने युवती का गला रेता, इलाज के दौरान मौत
कोरबा में प्रेमी ने युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। अशोकनगर निवासी शुभम नायडू और निशा उर्फ प्रतीक्षा श्रीवास के बीच प्रेम संबंध था। शुभम पहले से शादीशुदा था, जानकारी मिलने पर युवती ने दूरी बना ली थी।
3 फरवरी को निशा खरीदारी के लिए निकली और वापस नहीं लौटी। लोकेशन मिलने पर पुलिस ने कोरबा के उरगा क्षेत्र से उसे गंभीर हालत में बरामद किया। आरोपी शुभम ने युवती का गला काटकर खुद भी आत्मघाती कदम उठाया था। एक सप्ताह इलाज के बाद 10 फरवरी को निशा की मौत हो गई।
माता परमेश्वरी महोत्सव आज से
बिलासपुर में माता परमेश्वरी महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन 11 और 12 फरवरी को किया जा रहा है। पहले दिन माता की मूर्ति स्थापना और शाम को जगराता होगा। दूसरे दिन चिंगराजपारा से झांकी और कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन बहतराई चौक स्थित नाग-नागिन देवांगन धर्मशाला में होगा।





