March 5, 2026

जमीन डायवर्सन प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन, नया पोर्टल और मोबाइल ऐप तैयार

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में जमीन डायवर्सन (व्यपवर्तन) के लिए लंबे समय से दफ्तरों के चक्कर काट रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। राजस्व विभाग डायवर्सन की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और हाईटेक करने जा रहा है। इसके लिए नया ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप तैयार कर लिया गया है, जिसका फिलहाल ट्रायल चल रहा है। जल्द ही आम नागरिक घर बैठे जमीन का डायवर्सन करा सकेंगे।

डायवर्सन प्रक्रिया को ऑनलाइन करने के लिए 13 दिसंबर को अधिसूचना जारी की गई थी, लेकिन पोर्टल पूरी तरह तैयार न होने के कारण पिछले करीब डेढ़ महीने से काम प्रभावित था। अब विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने तकनीकी खामियों को दूर कर पोर्टल को जल्द लाइव करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आगे से डायवर्सन की पूरी प्रक्रिया मैनुअल के बजाय सिर्फ ऑनलाइन होगी।

कैसे काम करेगा नया सिस्टम

नए ऑनलाइन सिस्टम को पारदर्शिता और समयबद्धता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है—

  • जमीन मालिक को सरकारी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा
  • आवेदन के साथ डायवर्सन शुल्क और भू-राजस्व का डिजिटल भुगतान
  • भुगतान के बाद आवेदन संबंधित जिले के SDM के पास ऑनलाइन पहुंचेगा
  • नए नियमों के तहत 15 दिनों में आदेश जारी करना अनिवार्य होगा

16वें दिन ऑटोमेटिक आदेश

भ्रष्टाचार और अनावश्यक देरी रोकने के लिए सिस्टम में ऑटो-अप्रूवल फीचर जोड़ा गया है। यदि SDM 15 दिनों के भीतर आवेदन पर निर्णय नहीं लेते हैं, तो 16वें दिन कंप्यूटर जनरेटेड आदेश स्वतः जारी हो जाएगा, जो पूरी तरह वैध माना जाएगा।

राजस्व विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नया ऐप और वेबसाइट बनकर तैयार हैं। ट्रायल पूरा होते ही इसे आम जनता के लिए लॉन्च कर दिया जाएगा। इससे लोगों को तहसील और SDM कार्यालयों के चक्कर से बड़ी राहत मिलेगी।