Lausanne Diamond League 2026: स्टार भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.05 मीटर का थ्रो किया। कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद अपने पहले बड़े मुकाबले में उतरे नीरज ने इस प्रदर्शन के साथ अपना सीजन बेस्ट दर्ज किया। हालांकि, वह खिताब जीतने से महज 8 सेंटीमीटर दूर रह गए और दूसरे स्थान पर रहे।
दूसरे प्रयास में नीरज ने मचाया धमाल
नीरज चोपड़ा ने प्रतियोगिता की शुरुआत 83.54 मीटर के थ्रो से की। वहीं श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने अपने पहले प्रयास में 85.99 मीटर का थ्रो कर बढ़त बना ली।
दूसरे राउंड में नीरज ने जोरदार वापसी की। उन्होंने 88.05 मीटर दूर भाला फेंककर अपना नया सीजन बेस्ट दर्ज किया और कुछ समय के लिए पहले स्थान पर पहुंच गए। इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 85.83 मीटर रहा था।
8 सेंटीमीटर से चूका गोल्ड
तीसरे राउंड में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। रुमेश थरंगा पथिरागे ने 88.14 मीटर का शानदार थ्रो कर नीरज को पीछे छोड़ दिया। दोनों के प्रदर्शन में सिर्फ 8 सेंटीमीटर का अंतर रहा।
नीरज ने तीसरे प्रयास में 83.72 मीटर का थ्रो किया। उनका चौथा प्रयास फाउल रहा, जबकि पांचवें राउंड में उन्होंने थ्रो नहीं किया।
आखिरी प्रयास में 86.69 मीटर
छठे और आखिरी राउंड में नीरज चोपड़ा ने 86.69 मीटर का थ्रो किया, लेकिन यह उन्हें शीर्ष स्थान तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा। इसके साथ ही उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद वापसी करते हुए 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट दर्ज करना नीरज के लिए सकारात्मक संकेत है। वहीं श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने 88.14 मीटर के थ्रो के साथ खिताब अपने नाम किया।





