July 29, 2026

अश्लील वीडियो भेजकर वकील को ब्लैकमेल करने की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक वकील को अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित वकील कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि 20 मई की शाम करीब 5:27 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आया। कॉल बैक करने पर सामने वाले व्यक्ति ने वीडियो भेजने की बात कही। इसके कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से उनके फोन पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया।

वीडियो देखने के बाद वकील हैरान रह गए। इसी दौरान आरोपित ने फिर फोन कर 50 हजार रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो को इंटरनेट, मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता ने पैसे देने से इनकार करते हुए कहा कि वीडियो से उनका कोई संबंध नहीं है। इसके बाद आरोपित लगातार धमकी देने लगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में इसे साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल एक्सटॉर्शन का मामला माना जा रहा है।