May 18, 2026

छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुनी गईं | विधानसभा पहुंचकर लिया प्रमाण पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गई हैं। सोमवार को दोनों नेत्रियां प्रमाण पत्र लेने विधानसभा पहुंचीं। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद दोनों सांसदों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और गले मिलकर बधाई दी।

इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और समर्थक भी मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं।

बताया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में नामांकन वापसी के बाद दोनों उम्मीदवार निर्विरोध चुनी गईं। इसके बाद उन्होंने विधानसभा पहुंचकर आधिकारिक तौर पर अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। दोनों सांसदों ने इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य और जनता के हितों को राज्यसभा में मजबूती से उठाने का काम करेंगी।

पहली बार दोनों पार्टियों ने उतारी महिला उम्मीदवार

यह पहला मौका है जब राज्यसभा चुनाव के लिए दोनों प्रमुख पार्टियों ने महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की कुल पांच सीटें हैं। वर्तमान में इनमें से तीन सीटों पर महिला सांसद होंगी। हालांकि कांग्रेस सांसद रंजीता रंजन का कार्यकाल मई में समाप्त हो जाएगा।

अब तक छत्तीसगढ़ से पांच में से चार सांसद कांग्रेस के थे, लेकिन इस चुनाव के बाद भाजपा की संख्या बढ़ेगी। भाजपा के राज्यसभा में दो सदस्य हो जाएंगे, जबकि कांग्रेस के तीन सदस्य रहेंगे। दोनों ही दलों ने इस बार जातिगत और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है।

विधानसभा चुनाव में नहीं मिला था टिकट

दिलचस्प बात यह है कि दोनों महिला नेता 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदार थीं, लेकिन उस समय पार्टियों ने उन्हें मौका नहीं दिया था। अब राज्यसभा भेजकर दोनों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फूलोदेवी नेताम बस्तर क्षेत्र से आती हैं और कांग्रेस का प्रमुख महिला चेहरा मानी जाती हैं। उन्हें लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए भेजा गया है। वह छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।

वहीं भाजपा की लक्ष्मी वर्मा लंबे समय से पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं। वह रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए भेजकर नई जिम्मेदारी दी है।