खैरागढ़। जिले के कलेक्टर कार्यालय परिसर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सरकारी दफ्तरों में अनुशासन और कार्यसंस्कृति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय के दो कर्मचारी कथित रूप से शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में आबकारी विभाग के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पूरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि दोनों कर्मचारी कार्यालयीन समय के दौरान विभागीय परिसर में शराब पी रहे थे। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि और जांच अभी बाकी है।
मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि यह उसी विभाग से जुड़ा है, जिसकी जिम्मेदारी जिले में शराब के विक्रय, नियंत्रण और नियमों के पालन की निगरानी करना है। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों के बीच विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही खैरागढ़ के बीईओ कार्यालय से भी कर्मचारियों के शराब सेवन का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले पर एडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है। संबंधित आबकारी अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। यदि वीडियो में दिख रहे आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह मामला केवल दो कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और निगरानी व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े करेगा।




