September 4, 2026

शराब घोटाला मामला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी ठिकानों पर ED की दबिश, 8 सदस्यीय टीम दस्तावेज खंगाल रही

धमतरी। करीब 3000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में आरोपी कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल एक बार फिर जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की आठ सदस्यीय टीम ने धमतरी स्थित उनके ठिकानों पर दबिश दी है। टीम के घर पहुंचने के बाद बाहर सुरक्षा बल तैनात किया गया है, जबकि ED के अधिकारी अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।

घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात

जानकारी के मुताबिक ED की टीम सुबह धमतरी स्थित रामगोपाल अग्रवाल के ठिकाने पर पहुंची। टीम में आठ अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए घर के बाहर बल की तैनाती की गई है। अंदर ED के अधिकारी दस्तावेजों और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।

जेल से गिरफ्तारी के बाद ED हिरासत में हैं रामगोपाल अग्रवाल

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने बीते मंगलवार को रायपुर केंद्रीय जेल से रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद रायपुर की धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) अदालत ने उन्हें सात दिन की ED हिरासत में भेज दिया था।

ED की कार्रवाई के बीच अब धमतरी स्थित उनके ठिकानों पर भी जांच की जा रही है।

शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग मामले में जांच

जांच एजेंसी का आरोप है कि शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों को ठिकाने लगाने में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका रही है। ED के अनुसार घोटाले की रकम को बड़ी संख्या में इधर-उधर किया गया।

अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर ट्रांसफर किए गए पैसों को कहां भेजा गया और किन माध्यमों से उसका लेनदेन किया गया। धमतरी स्थित ठिकानों पर जारी कार्रवाई में मिले दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जांच में महत्वपूर्ण हो सकते हैं।