July 23, 2026

लोहागढ़ किला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मंगेतर सिया गोयल निकली कथित मास्टरमाइंड

पुणे। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान बड़े खुलासे सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार मंगेतर सिया गोयल कथित तौर पर पूरी साजिश की मास्टरमाइंड थी। आरोप है कि उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।

पुलिस जांच के मुताबिक, केतन अग्रवाल की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी। पूछताछ में सामने आया है कि सिया और चेतन ने पहले से तय कर रखा था कि कब और कैसे वारदात को अंजाम देना है। आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया।

जांच अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले 14 जून को भी केतन की हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन उस दौरान वह पेड़ पकड़कर बच गया था। इसके बाद आरोपियों ने नई योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

पहले से तय था इशारा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में सिया ने बताया कि उसने और चेतन ने पहले से एक संकेत तय किया था। योजना के अनुसार, जब वह केतन के सामने झुकेगी तो यह चेतन के लिए हमला करने का इशारा होगा। आरोप है कि 18 जून को इसी संकेत के बाद चेतन ने केतन को खाई में धक्का दे दिया।

हत्या के लिए बनाए थे तीन प्लान

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन ने केतन को रास्ते से हटाने के लिए तीन अलग-अलग योजनाएं बनाई थीं। बताया जा रहा है कि 31 मई को लोहागढ़ किले की रेकी की गई थी और एक स्थान को कथित तौर पर ‘डेथ पॉइंट’ के रूप में चिन्हित किया गया था।

पहला प्रयास 14 जून को किया गया, जो असफल रहा। इसके बाद 18 जून को दूसरी योजना पर अमल किया गया। जांच के अनुसार, यदि यह योजना भी विफल हो जाती तो केतन को सड़क दुर्घटना का शिकार बनाने की तीसरी योजना तैयार थी।

परिवार था रिश्ते के खिलाफ

पुलिस पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर बताया कि उसका परिवार चेतन चौधरी के साथ उसके रिश्ते के खिलाफ था। परिवार चाहता था कि उसकी शादी केतन अग्रवाल से हो, क्योंकि वह संपन्न परिवार से था। वहीं चेतन की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहा था।

नशे की लत का भी खुलासा

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि सिया और चेतन दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ में शराब सेवन करने की बात स्वीकार की है।

गेटकीपर का बयान भी अहम

मामले में लोहागढ़ किले के प्रवेश द्वार पर तैनात गेटकीपर धीरज जाधव का बयान भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उसने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन चेतन चौधरी मास्क और पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़ों में किले पर पहुंचा था। टिकट को लेकर उसकी बहस भी हुई थी।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों और बयानों की जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा। आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं।