लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव में एक मकान के भीतर पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव करीब तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं। घर से तेज दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
घर में बाहर से लगा था ताला
जानकारी के मुताबिक, नवलपुर गांव में एक मकान से लगातार दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। इसकी सूचना लोरमी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के बाहर ताला लगा मिला। पुलिस ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान नंद कुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरी कश्यप के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, घर के बाहर ताला लगा होने और शवों की स्थिति को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फॉरेंसिक और साइबर सेल की टीम जांच में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए लोरमी पुलिस के साथ फॉरेंसिक और साइबर सेल की टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। वहीं साइबर सेल की मदद से मृतकों के संपर्क, मोबाइल गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल संभावित आरोपियों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




