July 30, 2026

लोरमी के जंगल में दो तेंदुओं के बीच खूनी संघर्ष, एक की मौत; घायल तेंदुए की तलाश जारी

लोरमी। मुंगेली वनमंडल के लोरमी वन परिक्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक तेंदुए की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर दोनों वन्यजीवों के बीच संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वनक्षेत्र में कंचनपुर बैरियर के चौकीदार ने एक तेंदुए का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और रातभर शव की सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले इलाके में दो तेंदुओं के बीच भीषण लड़ाई जैसी तेज आवाजें सुनाई दी थीं। ग्रामीणों का अनुमान है कि आपसी संघर्ष के दौरान एक नर तेंदुए की मौत हुई होगी। हालांकि वन विभाग ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

वन अधिकारियों के मुताबिक, संघर्ष में घायल दूसरा तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। वन विभाग ने आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ा दी है और घायल तेंदुए की खोज जारी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

वन विभाग ने मृत तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कानन पेंडारी में पोस्टमार्टम किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

उपवनमंडलाधिकारी दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि ग्रामीणों ने दो तेंदुओं के बीच संघर्ष की आवाजें सुनने की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।