May 18, 2026

महुआ बीनने गए ग्रामीणों पर भालू का हमला, दो घायल, एक की हालत गंभीर

लोरमी। महुआ बीनने के सीजन के साथ जंगलों में ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ने लगी है, वहीं जंगली जानवरों के हमलों की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में भालू के हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार चेचानडीह गांव निवासी गेंदराम और बिसाहू यादव सुबह महुआ बीनने भारतपुर जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गेंदराम को जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया है। उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों को शासन के नियमानुसार सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू की गई।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।