July 23, 2026

मूकबधिर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में एक मूकबधिर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे पीड़िता अपने घर के आंगन में अकेली बैठी थी। युवती दोनों हाथ-पैरों से दिव्यांग है और बोल नहीं सकती, लेकिन सांकेतिक भाषा के माध्यम से संवाद करती है। इसी का फायदा उठाते हुए गांव के आरोपी दीपक पटेल ने घर में घुसकर लोहे का गेट अंदर से बंद किया और युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता की मां ने लोरमी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

पीड़िता के मूकबधिर होने के कारण पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ‘सत्य साईं हेल्प वे मूकबधिर आवासीय विद्यालय, मुंगेली’ की विशेष शिक्षिका की सहायता से सांकेतिक भाषा के माध्यम से उसका बयान दर्ज कराया। इसके साथ ही पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक पटेल को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।