July 30, 2026

लोरमी में प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत! एक ही घर में महिला और पुरुष की लाश मिलने से सनसनी

लोरमी।

मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में एक ही घर के भीतर महिला और पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना खुड़िया वन क्षेत्र के पटपरहा गांव की है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक 50 वर्षीय संतराम बैगा का शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि 40 वर्षीय रामकली का शव भी उसी मकान से बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही खुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा है। ग्रामीणों का मानना है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।