May 15, 2026

लोरमी में वन विभाग के गार्डों पर मारपीट और अवैध वसूली के आरोप, बैगा आदिवासी परिवारों ने की शिकायत

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिरिया में वन विभाग के बीट गार्डों पर बैगा आदिवासी परिवारों के साथ मारपीट और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने इस मामले की लिखित शिकायत थाना प्रभारी, एसडीओपी और पुलिस अधीक्षक को सौंपी है।

प्रधानमंत्री आवास निर्माण बना विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, ग्राम झिरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 117 मकान स्वीकृत हुए हैं। निर्माण के लिए ग्रामीण रेत ला रहे थे, जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ।

अनुमति के बावजूद रोका गया ट्रैक्टर

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बीट प्रभारी राजकुमार नेताम से अनुमति लेकर रेत परिवहन शुरू किया था, लेकिन अन्य बीट गार्डों ने ट्रैक्टर रोककर कार्रवाई की।

2 लाख रुपए मांगने का आरोप

आरोप है कि गार्डों ने मामला दबाने के लिए 2 लाख रुपए की मांग की। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई।

महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप

विवाद बढ़ने पर गांव की महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं, जहां गार्डों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

नशे में होने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर मौजूद बीट गार्ड शराब के नशे में थे। भीड़ बढ़ने पर वे भागने लगे और इस दौरान गिरकर घायल भी हुए।

मामला बना राजनीतिक मुद्दा

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।


Slug: