September 4, 2026

लोरमी में ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने की युवक की हत्या, दूध में नींद की दवा मिलाकर गला घोंटा

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में पुलिस ने युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर दोनों ने 24 वर्षीय युवक की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने युवक को घर बुलाकर दूध में नींद की दवा मिलाकर पिलाई और उसके बेहोश होने के बाद उसकी हत्या कर दी।

घर के पास मिला था युवक का शव

मामला डिंडौरी चौकी क्षेत्र का है। घानाघाट निवासी 24 वर्षीय अरुण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल का शव 30 जुलाई की रात गांव में एक घर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में चिल्फी थाना पुलिस और डिंडौरी चौकी की टीम ने जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को हत्या के पीछे की वजह का पता चला।

महाराष्ट्र में रहने के दौरान बने थे संबंध

पुलिस के अनुसार, करीब तीन साल पहले मृतक अरुण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल मजदूरी के सिलसिले में महाराष्ट्र गए थे। वहां तीनों एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच कथित तौर पर संबंध बन गए।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अरुण ने कथित तौर पर एक वीडियो बना लिया था। गांव लौटने के बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को परेशान कर रहा था।

पति को बताई पूरी बात, फिर बनाई हत्या की योजना

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान मनीषा ने पूरी बात अपने पति मुकेश को बताई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पहले अरुण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो पति-पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।

घर बुलाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत दोनों ने अरुण को अपने घर बुलाया। वहां उसे दूध में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई। युवक के बेहोश होने के बाद दोनों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर के बाहर फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल गमछा मनियारी नदी में बहा दिया था।

आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार

जांच के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा बाई पटेल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।