July 23, 2026

लोरमी में कचरे में मिले छत्तीसगढ़ महतारी और नेताओं के तैलचित्र, कांग्रेस ने FIR की मांग कर आंदोलन की चेतावनी दी

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व जनप्रतिनिधियों के तैलचित्र कथित तौर पर कचरे के ढेर में फेंके जाने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इसे राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

थाने पहुंची कांग्रेस, कार्रवाई की मांग

लोरमी थाना क्षेत्र के इस मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।

तैलचित्र कचरे में फेंकने का आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने राजनीतिक दुर्भावना के चलते छत्तीसगढ़ महतारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया के तैलचित्र कचरे के ढेर में फेंक दिए। पार्टी का कहना है कि घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि पुलिस को मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर लोरमी थाने का घेराव करेंगे और चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।