May 15, 2026

लोरमी में कबाड़ी दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान; दमकल नहीं पहुंची, लोगों ने खुद संभाला मोर्चा

मुंगेली। बिलासपुर जिले के लोरमी क्षेत्र में झझुपुरी रोड स्थित एक कबाड़ी दुकान में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं के गुबार आसमान में छा गए। इस हादसे में दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना रिहायशी इलाके में होने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दुकान एसडीएम और तहसील कार्यालय के पास स्थित है, जिससे आग की घटना ने प्रशासनिक क्षेत्र में भी चिंता बढ़ा दी।

स्थानीय वार्ड क्रमांक 7 के निवासियों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं को कई बार फोन किया, लेकिन लंबे समय तक कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में लोगों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कोई हैंडपंप से पानी ला रहा था तो कोई घरों से बाल्टियों में पानी भरकर आग पर काबू पाने की कोशिश करता रहा।

हालांकि आग इतनी भीषण थी कि पूरी रात मशक्कत के बावजूद दुकान का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।