लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने लोरमी के समग्र विकास के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने क्षेत्र में मौजूद पर्यटन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आर्किटेक्ट और अर्बन प्लानर्स के साथ विस्तृत चर्चा की। योजना के तहत लोरमी में आधुनिक रिसॉर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स और ग्रीन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
जमीनी स्तर पर काम तेज करने के निर्देश
केवल योजनाओं तक सीमित न रहकर कलेक्टर ने लोरमी नगर पालिका क्षेत्र का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान नगर उद्यान निर्माण में बाधा बन रहे वन विभाग और नगर पालिका के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को तत्काल सुलझाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जर्जर भवनों को हटाने और प्रस्तावित उद्यान निर्माण कार्य को तुरंत शुरू करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया गया।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर जोर
शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। कलेक्टर ने सीएमओ लोरमी को शहर की यातायात व्यवस्था और पार्किंग की समस्या को जल्द सुधारने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
प्रशासन की इस पहल से लोरमी के पर्यटन और शहरी विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





