रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर शेफाली बग्गा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय पहुंचीं। बेटिंग ऐप के कथित प्रमोशन और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के संबंध में ईडी अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को भी उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई थी।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए डिजिटल साक्ष्यों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका सामने आने के बाद उन्हें दोबारा तलब किया गया है। ईडी के पास बेटिंग ऐप से जुड़े कुछ प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री भी मौजूद हैं, जिनके आधार पर पूछताछ की जा रही है।
हवाला नेटवर्क से जुड़े आरोपी से कथित संबंधों की जांच
जांच एजेंसी महादेव नेटवर्क के कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। ईडी के अनुसार, खंजन भारत में महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े हवाला लेन-देन और वित्तीय नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभाता था।
एजेंसी को यह भी संदेह है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से संचालित कथित बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार में शामिल रही हैं।
टेलीग्राम चैनल की भी जांच
ईडी का दावा है कि शेफाली बग्गा एक टेलीग्राम चैनल संचालित करती हैं, जिस पर कथित तौर पर अवैध बेटिंग से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट और टिप्स साझा किए जाते थे। फिलहाल एजेंसी इन आरोपों और डिजिटल साक्ष्यों के संबंध में उनसे लगातार दूसरे दिन पूछताछ कर रही है।
इधर, महादेव बेटिंग ऐप मामले में कारोबारी विकास गर्ग की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों को अटैच किए जाने की कार्रवाई के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।





