July 23, 2026

महादेव सट्टा ऐप मामले में ED की कार्रवाई पर BJP का बयान, नरेश गुप्ता बोले- भ्रष्टाचार पर नहीं होगा कोई समझौता

रायपुर। महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हालिया कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की निष्पक्ष कार्रवाई का उदाहरण बताया है। भाजपा नेता नरेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि विकास गर्ग के खिलाफ हुई कार्रवाई यह साबित करती है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी व्यक्ति को उसकी राजनीतिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं दिया जाता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा भाजपा पर चयनात्मक कार्रवाई और राजनीतिक द्वेष के लगाए जाने वाले आरोप पूरी तरह निराधार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की “भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कानून सभी के लिए समान रूप से लागू किया जा रहा है।

नरेशचंद्र गुप्ता ने दावा किया कि महादेव सट्टा ऐप मामले में सबसे पहली आधिकारिक शिकायत पूर्व मंत्री राजेश मूणत और उन्होंने संयुक्त रूप से प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, इसी शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ी और कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

भाजपा नेता ने कहा कि जांच के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार के संरक्षण में काम करने वाले पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों, पूर्व मुख्यमंत्री, उनके पुत्र, एक विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा तत्कालीन प्रदेश कोषाध्यक्ष सहित कई लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

उन्होंने जांच एजेंसियों से मांग की कि इस मामले में शामिल सभी प्रशासनिक और राजनीतिक प्रभावशाली व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के अंतिम कार्रवाई की जाए। गुप्ता ने कहा कि कानून का शिकंजा हर दोषी तक पहुंचना चाहिए, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल या पद पर क्यों न हो।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की गाढ़ी कमाई को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।