महासमुंद।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने थाना कोमाखान क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 25 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में ओडिशा के 4 अंतरराज्यीय तस्करों सहित रायपुर के एक मुख्य खरीददार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार (CG 10 AS 9099), जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये, साथ ही 2 लाख 03 हजार 100 रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में जब्त कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 19 लाख 84 हजार 100 रुपये बताई जा रही है।
2026 की 27वीं बड़ी कार्रवाई
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अनुसार यह वर्ष 2026 की 27वीं बड़ी कार्रवाई है। वर्ष 2026 में अब तक एएनटीएफ द्वारा 2123.716 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं, जबकि 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 55 आरोपी राज्य के बाहर के बताए गए हैं।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
एएनटीएफ को 1 फरवरी 2026 को अवैध गांजा परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विधिवत कार्रवाई करते हुए थाना कोमाखान क्षेत्र में घेराबंदी की गई और आरोपियों के संयुक्त कब्जे से गांजा, परिवहन में प्रयुक्त कार, नगदी और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
इस प्रकरण में रायपुर के शिवनगर, शीतला मंदिर के पास, आजाद चौक निवासी बंशी साहू को मुख्य खरीददार बताया गया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल जांच
पुलिस द्वारा इस मामले में एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। तस्करी से जुड़े सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की भी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रशांत नंदा – निवासी रंगाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)
- संजय नाग – निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)
- दीपक महानंद – निवासी जिला बलांगीर (ओडिशा)
- शंकर हरपाल – निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)
- बंशी साहू – निवासी शिवनगर, शीतला मंदिर के पास, आजाद चौक, रायपुर
पुलिस की अपील
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस या एएनटीएफ को गोपनीय रूप से दें। सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





