महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झारा में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले के किनारे रेत में दफन युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। वहीं दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।
नाले की रेत में दबा मिला शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर ग्रामीणों को नाले के पास बदबू आने पर संदेह हुआ। मौके पर पहुंचने पर रेत से शव का हिस्सा बाहर दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतका की पहचान ग्राम झारा निवासी 18 वर्षीय भारती टंडन के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की स्थिति खराब होने और शाम हो जाने के कारण पोस्टमार्टम अगले दिन कराया गया।

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव मिला है। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक टूट गई थी। इसके अलावा जांघ पर गहरे खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। दुष्कर्म की आशंका के मद्देनजर आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे जा रहे हैं।
जन्मदिन की रात हुई थी लापता
परिजनों के मुताबिक, भारती 19 जून को 18 वर्ष की हुई थी। उसी रात वह घर से लापता हो गई थी। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
बताया जा रहा है कि युवती का एक युवक से प्रेम संबंध था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि वह जन्मदिन की रात किसी से मिलने गई थी या नहीं।
कई युवकों से पूछताछ
पुलिस ने मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इनमें वह युवक भी शामिल है, जिससे मृतका के प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। जांच टीम मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस का कहना है कि हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।





