महासमुंद। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शराब की लत और लगातार विवाद से परेशान होकर पिता और नाबालिग भाई ने ही युवक की हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को प्लास्टिक बोरी में भरकर पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया।
मामला लभराखुर्द गांव का है, जहां 9 अप्रैल को एक एनीकट कुएं में प्लास्टिक बोरी में बंद युवक का शव तैरता हुआ मिला था। पुलिस ने प्रारंभ में अज्ञात शव का मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि गांव के महेश ध्रुव का बड़ा बेटा सत्यनारायण ध्रुव (27) कई दिनों से लापता है। शिनाख्त के लिए बुलाए जाने पर महेश ध्रुव ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
संदेह के आधार पर पुलिस ने पिता महेश ध्रुव, मां अहिल्याबाई और नाबालिग भाई से पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर परिवार के साथ मारपीट करता था।
घटना 6 मार्च की बताई जा रही है, जब मृतक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा था। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई को भी उसने धक्का दे दिया। गुस्से में आकर नाबालिग भाई ने घर में रखे पत्थर के सिल से युवक पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद खून के निशान साफ किए गए और पिता के घर आने पर दोनों ने मिलकर शव को बोरी में भरकर पत्थर बांधकर कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने साक्ष्य छिपाने के आरोप में पिता महेश ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।





