May 15, 2026

जमीन विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को जिंदा जलाया, मां के सामने वारदात

महासमुंद। जिले के ग्राम आमगांव में जमीन विवाद को लेकर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी कृष्णकांत दुबे (38) अपनी कथित पत्नी मालती साहू के साथ मंगलवार को पैतृक गांव आमगांव पहुंचा था। यहां उसकी मां तीरथबाई और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं और जमीन की देखरेख करते हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम इस मुद्दे पर फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। झगड़े के दौरान कृष्णकांत ने डंडे से दौलत पर हमला किया, जिसके जवाब में दौलत ने हंसिए से वार कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने कृष्णकांत को धान और महुआ से भरे कमरे में धकेलकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। फिर दुकान से पेट्रोल लाकर कमरे में आग लगा दी। घटना के समय मां और मालती साहू मौके पर मौजूद थीं, लेकिन आग की लपटों के बीच उसे बचाया नहीं जा सका। आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया गया, लेकिन कोई आगे नहीं आया।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद कृष्णकांत के शव को बाहर निकाला गया।

बागबाहरा पुलिस ने आरोपी दौलत दुबे के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।